गदरपुर। ग्राम सभा अलख देवी के प्रेमनगर निवासी जयप्रकाश पांडे और विजय पांडे ने ग्राम प्रधान मनोज कुमार गौड़ पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से शिकायत की है। आरोप है कि बिना ग्राम सभा का प्रस्ताव पारित कराए और खुली बैठक आयोजित किए ग्राम निधि से धनराशि निकालकर विकास कार्य कराए गए।
शिकायत के बाद डीपीआरओ ने ग्राम सभा अलख देवी, सूरजपुर और प्रेमनगर पहुंचकर संबंधित अभिलेखों की जांच की। ग्रामीणों और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। डीपीआरओ ने बताया कि सभी दस्तावेजों और तथ्यों का परीक्षण कर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट संबंधित पक्षों को उपलब्ध कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान पंचायत विभाग के अवर अभियंता शिखर ओझा, पंचायत सचिव कपिल गंगवार सहित विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।
