उधमसिंह नगर में रंजिश के चलते एक नाबालिग के साथ मारपीट और कुकर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, काशीपुर के ग्राम बसई का मंझरा निवासी नंदराम ने कुंडा कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका नाबालिग पुत्र एक इंटर कॉलेज में पढ़ता है। आरोप है कि गांव के ही रामगोपाल, रामपाल, रिंकू, अर्जुन, हेमराज, संजय, अरुण, अमन और अरविन्द उससे पुरानी रंजिश रखते हैं।
बताया गया कि 27 अप्रैल को जब उसका पुत्र कहीं जा रहा था, तभी घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद गाली-गलौच करते हुए उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की और कुकर्म का प्रयास भी किया।
शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को पहले काशीपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी है।
