उधमसिंह नगर में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) चलने की संभावना है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है, खासकर छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के लिए।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आदेश दिया है कि 29 अप्रैल 2026 से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक—
- आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगी।
- कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगे।
प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
