रुद्रपुर में खटीमा के एक युवक के महिला के घर में घुसने पर जमकर हंगामा हो गया। युवक के दूसरे धर्म का होने की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन युवक लगातार हंगामा करता रहा। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, डायल 112 पर एक महिला ने सूचना दी थी कि एक युवक ने खुद को हिन्दू बताकर इंस्टाग्राम के जरिए उससे दोस्ती की थी। बाद में जब उसे युवक के दूसरे धर्म का पता चला तो उसने बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि सोमवार रात युवक उसके घर पहुंच गया और हंगामा करने लगा।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही एसआई कीर्ति भट्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। युवक को हल्की चोटें आई थीं, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद भी वह शांत नहीं हुआ और हंगामा करता रहा।
थाना प्रभारी मोहन पांडेय ने बताया कि आरोपी की पहचान खटीमा निवासी सोहेल के रूप में हुई है। वहीं, महिला और उसके परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने के संबंध में थाना ट्रांजिट कैंप में लिखित प्रार्थना पत्र दिया है।
