रुद्रपुर। मेट्रोपोलिस सोसाइटी स्थित एक विला में एक युवक ने फांसी लगा ली। पत्नी की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। वहीं युवक के पत्नी को वीडियो कॉल कर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी देने की बात सामने आई है। युवक एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर था।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर को 112 पर एक महिला ने सूचना दी कि वह अपने पति से विवाद के बाद अपने मायके उत्तर प्रदेश चली गई थी। बताया कि उसके पति ने वीडियो कॉल कर खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कही है। इसके बाद से उसका फोन बंद जा रहा है।
सूचना पर एसआई अनिल मेहता पुलिस टीम के साथ मेट्रोपोलिस विला पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर एक युवक फंदे से लटका मिला। जांच में वह मृत पाया गया। एसआई अनिल मेहता ने बताया कि युवक सिडकुल की एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर था। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
