महाष्टमी पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने किया कन्या पूजन

रुद्रपुर। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने आवास पर विधिपूर्वक कन्या पूजन कर पर्व को धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ मनाया। इस अवसर पर कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए गए, तिलक व आरती की गई, फिर उन्हें भोजन कराकर वस्त्र और उपहार भेंट किए गए।

पूजन उपरांत पूर्व विधायक ने कन्याओं के चरणों में झुककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्र केवल पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का गौरव है। कन्या पूजन हमारी आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है, जिसमें बालिकाओं में मां दुर्गा के नव रूपों का दर्शन होता है।

उन्होंने कहा कि कन्याओं का सम्मान करना ही सच्चा धर्म है। जब हम बेटियों को पूजते हैं तो मां दुर्गा प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। यह परंपरा समाज को नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और समर्पण का संदेश देती है। आज जब बेटियों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं, ऐसे में कन्या पूजन जैसे आयोजन समाज को सही दिशा दिखाते हैं। हर बेटी में मां का रूप है और उसे शिक्षा, सम्मान व अवसर देना हम सबका कर्तव्य है।