महापौर ने घायल भाजपा नेता का जाना हाल, पुलिस कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मदन दिवाकर पर हुए जानलेवा हमले के बाद रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा मंगलवार को गौतम अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना।

गौरतलब है कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा मदन दिवाकर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर अस्पताल पहुंचे और दिवाकर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

महापौर ने घटना की पूरी जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।