रुद्रपुर : विकास शर्मा के मेयर बनने पर उमड़ा बधाई देने वालों का सैलाब, जनता के विश्वास को बनाए रखने का दिया भरोसा
रुद्रपुर। हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनाव में भारी मतों से जीतकर रुद्रपुर के मेयर बने विकास शर्मा को बधाई देने के लिए उनके नंदविहार स्थित आवास पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। आम नागरिकों से लेकर कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। शनिवार देर रात चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
रविवार सुबह से ही विकास शर्मा के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। भारी भीड़ को देखते हुए घर के पास स्थित पार्क में टेंट और डीजे की व्यवस्था की गई, जहां दिनभर लोग जीत की खुशी में डीजे पर झूमते नजर आए। समर्थकों ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से विकास शर्मा का भव्य स्वागत किया।
विकास शर्मा ने जनता का जताया आभार
सभी का धन्यवाद करते हुए नवनिर्वाचित मेयर विकास शर्मा ने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि रुद्रपुर की जनता और उन कार्यकर्ताओं की है जिन्होंने पूरे चुनाव में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता से किए गए सभी वादे पूरे करने के लिए वे पूरी ईमानदारी और मेहनत करेंगे।
विकास शर्मा ने कहा, “यह मेरी पहली चुनावी परीक्षा थी, जिसमें जनता का जो प्यार और आशीर्वाद मिला है, वह मेरे लिए अमूल्य है। मैं रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना देखता हूं और इसे साकार करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से काम करूंगा।”
उन्होंने सभी वार्डों में जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य करने और भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने का वादा किया। साथ ही, निर्दलीय और कांग्रेस पार्षदों को भाजपा में शामिल करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पवन अग्रवाल, राजकुमार ठुकराल, राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, दिलीप अधिकारी, धर्म सिंह कोहली, शालिनी बोरा, रश्मि रस्तोगी, स्वाति शर्मा, मनोज छाबड़ा, देवेंद्र सिंह बमल, ललित नारंग, फरजाना बेगम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
विकास शर्मा का यह विश्वास और जनता से किया गया संवाद यह साबित करता है कि वे रुद्रपुर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनता के भरोसे को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
