रुद्रपुर : दो छात्राओं को बनाया सीएमओ

रुद्रपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर शुक्रवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रम हुए। गांधी पार्क से मुख्य बाजार तक बालिकाओं के सम्मान में बेटी बचाओ और कन्या भ्रूणहत्या रोकथाम स्लोगन के लिए जनजागरुकता रैली निकाली गई।

शुक्रवार को सीडीओ मनीश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ़ मनोज कुमार शर्मा ने रैली का शुभारंभ किया। रैली में स्कूलों और नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बालिकाओं के सम्मान में छात्रा अनन्या सिंह और महक आर्या को एक दिन के लिए सीएमओ का प्रभार दिया। दोनों छात्राओं ने कहा कि अनीमिया मुक्त भारत अभियान छात्राओं और महिलाओं के लिए अत्यन्त लाभकारी योजना है। जिससे महिलाओं में खून की कमी से बचा जा सकता है। साथ ही छात्राओं ने सरकारी चिकित्सालयों में कार्यरत चिकित्साधिकारियों से फोन पर विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कार्यालय सभागार में जिला न्यायाधीश सिकन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में गोष्ठी कराई। जिसमें बेटी बचाओ-कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम पर वक्ताओं ने विचार रखे। यहां एसीएमओ डॉ़ हरेन्द्र मलिक, डॉ़ राजेश आर्या, डॉ. जसविन्दर सिंह गिल, डॉ़ मनप्रीत कौर, डॉ़ नितिन कुमार, डॉ़ अनामिका दीक्षित, डॉ़ आरके महाजन आदि रहे।