रुद्रपुरः दो गुटों में जमकर मारपीट, पांच घायल

रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार रात दो युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। पहले तो दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। इसमें पांच लोग घायल हो गए। एक घायल के सिर में 52 टांके लगने की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और इसके बाद दोनों ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। पहले तो दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। दोनों पक्षों का आरोप था कि उनके समुदाय को लेकर टिप्पणी की गई। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर पथराव भी किया। वहीं तलवार से हमला करने की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मारपीट में पांच युवक घायल हुए हैं।

चार युवकों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। जबकि एक घायल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मामला शांत हो गया था। घटना में दो से चार युवकों के घायल होने की सूचना है। मामले में अभी किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।