उधमसिंह नगर : मगरमच्छ ने ग्रामीण को बनाया निवाला

उधमसिंह नगर। नानकमत्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्दा में जानवर चराने गए वृद्ध को वापसी में नदी पार करते समय मगरमच्छ ने हमला कर अपना निवाला बना लिया। शाम तक वृद्ध के वापस नहीं लौटने पर गांव वालों ने जब उसकी खोजबीन शुरू की। वृद्ध का शव गुरूवार को फौड़ी नदी में क्षत विक्षत हालत में मिला। घटना की सूचना पर पुलिस एंव वन विभाग के अधिकारी माके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार बुधवार को ग्राम सिद्दा निवासी जगदीश गांव के शंकर सिंह राणा के जानवर चराने के लिए फौड़ी नदी पार ट्रंचिग ग्राउंड के पास गया था। सभी जानवर शाम अपने घर लौट आएं, लेकिन जानवर चराने गया वृद्ध वापस नही आया। तब ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन की लेकिन रात 9 बजें तक जगदीश का कही पता नही चला। गुरूवार प्रातः ग्रामीणों ने फिर खोजबीन शुरू की तो जगदीश का शव पैलेस से लगी फौड़ी गंगा नदी में क्षत विक्षत हालत में मिला।

घटना की सूचना थानाध्यक्ष देवेन्द्र गौरव , चौकी इंचार्ज अशोक कुमार, एसआई कीर्ति भट्ट भी मौके पर पहुंच गए और प्रथम दृष्टया वृद्ध के मगरमच्छ के शिकार होने की सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग जौरासाल से वन दरोगा राजन सिंह विष्ट, गिरीश वर्मा मौके पर पहुंच गए।

मृतक जगदीश के पेट का हिस्से का मांस नही था, वन विभाग के अधिकारियों ने अंदेशा जताया कि नदी पार करते समय मगरमच्छ ने हमले से वृद्ध की मौत हुई है। मृतक परिवार में अकेला बताया जा रहा है, घटना की सूचना उसकी तीन बहन पहुंची, स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जें में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।