रुद्रपुर : पलक झपकते ही सोने की चेन ले उड़ी शातिर महिलाएं, CCTV में कैद हुई वारदात

रुद्रपुर। शहर के प्रतिष्ठित बंसल ज्वैलर्स शोरूम पर खरीददारी के बहाने आई तीन महिलाओं ने हाथ की सफाई दिखाते हुए सोने की चेन पार कर ली। दिनदहाड़े चोरी की ये घटना सीसी टीवी फुटेज में कैद हो गयी।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सिविल लाईन स्थित बंसल ज्वैलर्स शोरूम में तीन महिलाएं और एक पुरूष खरीददारी करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने शोरूम में पहुंचकर कर्मचारियों से सोने की चैन दिखाने को कहा। इस बीच जब शोरूम के कर्मचारी चेन दिखाने लगा तो उक्त तीन महिलाएं और उनका पुरुष साथी कर्मचारी को बातो में उलझाने लगे।

इसी बीच एक महिला ने बड़ी सफाई से सोने की चैन पार कर ली। इसके बाद बिना शॉपिंग किये ही चारों लोग शोरूम से बाहर निकल गये। महिलाओं के जाने के बाद जब शोरूम कर्मचारी को एक चेन कम मिली तो शोरूम में हड़कम्प मच गया। सीसी टीवी फुटेज की चेक करने पर पूरी घटना सामने आ गयी। चोरी की घटना की सूचना बाद में पुलिस को दी गई।

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुई चेन करीब डेढ़ तोले की थी जिसकी कीमत लगभग एक लाख दस हजार रूपये हैं। बता दें इस शहर में पहले भी इस तरह की घटनायें प्रकाश में आ चुकी है। बंसल ज्वैलर्स के स्वामी प्रदीप बंसल का कहना है कि शहर में चोरी करने वाली महिलाओं का गिरोह सक्रिय है सभी ज्वैलर्स को सावधान रहना चाहिये।