तराई में भीषण गर्मी जारी, अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ इतना पहुंचा पारा; बेहाल हुए लोग

सिमरप्रीत सिंह, संपादकमीडिया ग्रुप 

मई का अंत आते-आते गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को तराई में पारा पहली बार 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इस दौरान शरीर को झुलसाती भीषण गर्मी से लोग हलकान रहे और पेड़ों के छांव की तलाश करते दिखे।

जीबी पंत कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान जहां 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का अपने आप में रिकाॅर्ड है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री रहा। इस दौरान जहां 5.8 किमी प्रति घंटा के वेग से पश्चिम से दक्षिण दिशा में हवा चली, वहीं आर्द्रता का प्रतिशत 30 रहा। बताया कि वर्ष 1960 में विवि की स्थापना से लेकर अब तक तराई में अधिकतम पारा 43 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।

बताया कि अल नीनो प्रभाव के चलते इस बार तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री अधिक रहने का अनुमान था, जो कि सच साबित हो रहा है। अल नीनो की वजह से सर्दी भी कम पड़ी और अप्रैल-मई में अमूमन होने वाली बारिश बिल्कुल नहीं हुई है। जब बारिश नहीं होती है, तब जमीन सूर्य की किरणों (धूप) को अवशोषित करती है, जिससे मिट्टी की नमी समाप्त हो जाती है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होती है। बताया कि गर्मी के मौसम में अमूमन पांच से आठ दिन चलने वाली लू इस बार अल नीनो प्रभाव के चलते 18-20 दिन तक चलेगी और लू के थपेड़े लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर देंगे।

फसलों की उपज होगी प्रभावित लेकिन शत्रु कीटों से मिलेगी निजात

कृषि महाविद्यालय में प्लांट पैथोलाॅजी के प्राध्यापक डाॅ. बिजेंद्र कुमार ने बताया कि अप्रैल-मई माह में बारिश नहीं होने से खरीफ और दलहन फसलों की बोआई में देरी होगी। देर से बोआई और पर्याप्त पानी नहीं मिलने से मिट्टी में नमी की मात्रा कम रहेगी, जिसके चलते उत्पादन प्रभावित होगा और उपज में कुछ कमी आएगी। वहीं भीषण गर्मी से मिट्टी में मौजूद शत्रु कीटों का नाश हो जाएगा। जिससे फसलों में अमूमन लगने वाली बीमारियों में कमी आएगी।

सितारगंज में 42.5 डिग्री पहुंचा पारा

सितारगंज में शुक्रवार को तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले 25 मई में 2014 को सर्वाधिक तापमान 42.5 डिग्री मापा गया था। तेज धूप की तपिश के चलते बढ़े पारे ने 10 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

प्रचंड गर्मी में निर्माण कार्य हो रहे प्रभावित

भीषण गर्मी के चलते रुद्रपुर, काशीपुर और आसपास के क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को भी गर्मी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान बाजारों और सरकारी कार्यालयों में कम लोग पहुंचे। वहीं खेतों और निर्माण कार्याें के लिए मजदूर नहीं मिले। रुद्रपुर में शुक्रवार को भी करीब 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सुबह से ही तेज धूप से जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा था। दुकानों में दस बजे के बाद खरीदारी के लिए कम लोग पहुंचे। कई लोग चेहरे पर कपड़ा बांधकर निकले।

एक कपड़ा व्यापारी ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते सुबह-शाम मुश्किल से दो से तीन घंटे ही दुकानदारी हो रही है। राशन विक्रेता ने बताया कि गर्मी से कारोबार बुरी तरह प्रभावित है। जिले के एक किसान ने बताया कि फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। गर्मी का असर निर्माण कार्याें पर सबसे ज्यादा पड़ रहा है। वही कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार ने बताया कि निर्माण कार्य बुरी तरह प्रभावित हैं। ज्यादा पैसे देने पर भी मौसम का हवाला देकर मजदूर काम पर नहीं आ रहे हैं। वहीं कई जगह पर लोगों ने गर्मी से राहत दिलाने के लिए राहगीरों को शरबत पिलाया।