रुद्रपुर : हाइड्रा वाहन चालक ने यातायात महिला पुलिस कर्मी को मारी टक्कर

रुद्रपुर। इन्द्रा चौक पर ड्यूटी कर रही यातायात महिला पुलिस कर्मी को हाइड्रा वाहन चालक ने टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद वाहन चालक वाहन मौके पर ही छोड़ फरार हो गया। घायल महिला पुलिस कर्मी को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार गत दिवस इन्द्रा चौक पर यातायात महिला पुलिस कर्मी कांता यातायात व्यवस्थित कर रही थी। इसी दौरान काशीपुर से किच्छा की ओर जा रहे हाइड्रा वाहन के अज्ञात चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद शोर होने पर वाहन चालक मौका देख वाहन छोड़ फरार हो गया।

घायल महिला पुलिस कर्मी को उपचार के लिए तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि यातायात महिला पुलिस कर्मी कांता अब खतरे से बाहर है। पुलिस ने वाहन अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जाता है कि पुलिस वाहन स्वामी से पूछताछ कर रही है।