उत्तर प्रदेश : होली पर डीजे बजाने के विवाद में दो पक्ष भिड़े, पथराव-फायरिंग, युवक को लगी गोली, चार लोग घायल

उत्तर प्रदेश। पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कटकवारा में सोमवार को ढोल और डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पथराव के बाद फायरिंग भी हुई। गोली लगने से एक और मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को बरखेड़ा सीएचसी से मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब एक बजे लोग होली खेल रहे थे। ढोल और डीजे बजाया जा रहा था। इसी समय एक पक्ष के लोगों ने उनके घर के सामने से ढोल बजाने और डीजे लेकर निकलने का विरोध किया। इसको लेकर विवाद हो गया और पथराव होने लगा। मारपीट भी हुई।

फायरिंग होने की बात भी कही जा रही है। गोली लगने से युवक घायल हो गया। वही मारपीट में गांव के 3 से 4 युवकों को चोट आई। घायलों का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात की गई है।

सूचना के बाद एसपी भी बरखेड़ा पहुंचे और घटना की जानकारी की। मामले की जांच हो रही है। सीओ बीसलपुर विशाल चौधरी ने बताया कि कटकवारा में पूर्व और मौजूदा प्रधान पक्ष में विवाद हुआ है। फायरिंग की सूचना भी मिली है। एक घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।