उत्तराखंड : जिला पंचायत, उधमसिंह नगर में छह करोड़ से अधिक के टेंडर में हुआ फर्जीवाड़ा, पूर्व लेखाकार ने लगाए आरोप।

मीडिया ग्रुप, 23 अक्टूबर, 2023

जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर में तैनात पूर्व लेखाकार ने जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर पर छह करोड़ से अधिक के टेंडर में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने वित्तीय परामर्शदाता के फर्जी हस्ताक्षर कर 30 लाख की धनराशि विभिन्न मदों में निकालने के आरोप लगाए हैं। मामले में शासन ने जांच बैठा दी थी। करीब एक साल बाद भी अब तक जांच नहीं हो पाई है।

जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर के पूर्व लेखाकार गोवर्धन दुम्का ने कहा है कि जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर 2019 में जिला योजना मद में राशि आवंटित हुई थी। 13 दिसंबर 2019 को जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर ने 20 करोड़ रुपये के टेंडर कराए। कहा कि तत्कालीन वित्त अधिकारी, ठेकेदार और जिला पंचायत के कुछ अधिकारियों ने मिलीभगत कर छह करोड़ रुपये से अधिक धनराशि का फर्जीवाड़ा किया।

आरोप है कि पूर्व परामर्शदाता के फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 30 लाख भी निकाल लिए। पूर्व लेखाकार गोवर्धन दुम्का ने बताया कि आरटीआई में पूरी सूचना और साक्ष्य निकालकर उन्होंने शासन को पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सचिव हेम चंद्र सेमवाल ने साक्ष्यों के आधार पर 31 मार्च 2021 को तत्कालीन जिलाधिकारी को इसकी जांच सौंपी, 15 दिन में जांच आख्या प्रस्तुत करने के लिए कहा है।