उत्तराखंड में डबल मर्डर, महिला और नौकर के पॉलिथीन से ढके मिले लहूलुहान शव।

मीडिया ग्रुप, 30 सितंबर, 2021

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के धौलास स्थित बंगले में एक महिला और उनके नौकर की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव बंगले के अहाते में पॉलिथीन से हुए बरामद हुए। दोनों के सिर पर किसी धारदार भारी हथियार से वार किया गया था। हत्या के कारणों की जांच के लिए पुलिस आसपास के लोगों और महिला के पति से जानकारी जुटा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड को अवैध संबंधों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

एसएसपी जन्मेजय खंडूरी और एसपी सिटी सरिता डोभाल भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जानकारी के लिये पुलिस टीम को दिशा निर्देश दिये। बताया जा रहा है कि धौलास इलाके में महिला और नौकर की हत्या की गई है जबकि दोनों के शव लहुलुहान हालत में घर पर ही मिले हैं।

उनकी पहचान मकान मालकिन उन्नति शर्मा (55 साल) और नौकर श्याम (50 वर्ष) के रूप में हुई है। हत्या की सूचना के बाद पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर महिला का पति मिला, जिसका नाम सन्दीप बताया जा रहा है।

पुलिस इस डबल मर्डर के पीछे अवैध संबंधों को भी जोड़कर देख रही है। बताया जा रहा है पति 40 साल करीब विदेश में रहा था और हाल ही में वापस लौटा है।