उधमसिंह नगर : बिना बुलाये शादी में पहुंचे युवकों ने महिलाओं से की छेड़छाड़, युवक पर किया जानलेवा हमला।

मीडिया ग्रुप, 12 जून, 2023

उधमसिंह नगर। बिना निमंत्रण के शादी में पहुंच कर कुछ युवकों ने महिलाओं के साथ छेड़खानी की। आरोप है कि युवकों ने दुल्हन से अभद्रता कर उसके भाई को घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।

प्रतापपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पांडेय कॉलोनी गोपीपुरा निवासी महिला ने तहरीर में बताया कि 9 जून की रात उनके बेटे मनीष का विवाह समारोह तथा घर पर माता का जागरण कार्यक्रम चल रहा था।

गांव के कुछ युवक बिना निमंत्रण के कार्यक्रम में शामिल हो गए। आरोप है कि कुछ युवकों ने उनकी बहू व अन्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। बेटे मनीष और बहू के भाई अरुण ने विरोध किया तो युवकों ने मिलकर अरुण पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया।

अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया तथा अन्य लोगों के भी गुम चोट आई हैं। आरोप है की हमलावर युवक ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजनों ने 112 पर शिकायत की।

उसके बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में अरुण को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रतापपुर पुलिस चौकी एसआई कपिल कांबोज ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जल्द ही केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।