रॉन्ग नंबर से दोस्ती करना लड़की को पड़ा भारी, लड़की की अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 19 अप्रैल, 2022

छत्तीसगढ़ के जशपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रॉन्ग नंबर से दोस्ती करना एक लड़की को भारी पड़ गया। युवक ने पहले उसे प्यार का झांसा दिया, फिर कॉल कर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

इसके बाद ब्लैकमेलिंग शुरू हुई और दोस्त को 400 किलोमीटर दूर बिहार से भेजकर अपनी ही गर्लफ्रेंड का दुष्कर्म करवाया। इसके बाद अश्लील वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। लड़की की शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को पटना से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दुलदुला क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की के मोबाइल पर करीब एक साल पहले पटना निवासी राज का कॉल आया। गलती से लगे इस नंबर पर बात करने के दौरान दोनों में दोस्ती हो गई।

इसके बाद अक्सर ही बातें होने लगी। बात बढ़ी तो आरोपी ने लड़की को प्यार और शादी का झांसा दिया। इसके बाद वे वीडियो कॉल पर भी बात करने लगे। इस दौरान राज ने कॉल कर लड़की का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

आरोप है कि कुंदन ने उसी वीडियो से लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ ही अपने एक दोस्त को पटना से जशपुर उसके पास भेज दिया। आरोपी के दोस्त ने लड़की से दुष्कर्म किया और लौट गया।

इसके बाद कुंदन ने लड़की के अश्लील वीडियो को वायरल कर दिया। इसका पता जब लड़की को लगा तो उसने अभिव्यक्ति एप पर शिकायत की। इसके बाद पुलिस टीम ने संपर्क किया और नौ अप्रैल को दुलदुला थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस ने लड़की की शिकायत पर एक टीम बनाई और उसे पटना भेजा। वहां से आरोपी राज को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि उसका दोस्त फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने सारी घटना को स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके मोबाइल से वीडियो बरामद कर उसे जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के दोस्त की भी पहचान हो गई है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।