उधमसिंह नगर : भाजपा का चुनाव प्रचार राम के सहारे, मोदी कि रैली की सफलता के लिए भी हवन यज्ञ।

मीडिया ग्रुप, 11 फरवरी, 2022

रूद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल होने जा रही महारैली को निविघ्न संपन्न करने और रैली की सफलता के लिए मोदी ग्राउण्ड में भूमि पूजन और हवन यज्ञ किया गया। साथ बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ताओं ने हवन यज्ञ किये। मोदी ग्राउण्ड में हवन यज्ञ का आयोजन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट की मौजूदगी में किया गया।

आर्य समाज के पुरोहित प्रभात कुमार आर्य ने वैदिक मंत्रों के साथ हवन यज्ञ संपन्न कराया। इस दौरान अजय भट्ट समेत अन्य भाजपा नेताओं ने हवन यज्ञ में आहूति देते हुए महारैली के निर्विघ्न संपन्न होने और रैली के सफल होने की कामना की। इसके अलावा बूथ स्तर पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने शक्ति केन्द्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों की मौजूदगी में आज पीएम मोदी की सभा की सफलता के लिए हवन यज्ञ आयोजित किये।

मोदी मैदान में हवन यज्ञ के दौरान केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक आध्यात्मिक और दिव्य व्यक्तित्व वाली शख्सियत हैं। उनका आगमन आगमन हमारे लिये सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मान की दृष्टि से देखता है और उन्हें एक महान नेता मानता है। ऐसी महान विभूति के कदम जहां भी पड़ते हैं वहां सब शुभ ही शुभ होता है।

इस दौरान जिला प्रभारी एवं रैली के सहसंयोजक राजेन्द्र बिष्ट, आशीष काला, विवेक सक्सेना, भारत भूषण चुघ, ललित मिगलानी, नेत्रपाल मौर्या, मनीष अग्रवाल,राहुल कुमार, अशोक सिंघल आदि भी मौजूद थे।