जानिये ऊधमसिंह नगर की कौन सी सीट से भाजपा के 11 दावेदारों ने की टिकट की मांग, भीतरघात का भी सता रहा डर।

मीडिया ग्रुप, 12 जनवरी, 2022

गुरबाज सिंह, विधि संपादक मीडिया ग्रुप

ऊधमसिंह नगर। राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरांत से सभी राजनीतिक दलों में प्रत्याशियों द्वारा टिकट की मांग को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई है। यह सरगर्मियां भाजपा के लिए उधम सिंह नगर की एक सीट से जी का जंजाल बन रही है। हम बात कर रहे हैं काशीपुर विधानसभा सीट की। काशीपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशियों की सूची एक दर्जन से भी अधिक लोगों की है जिसमें 11 लोगों द्वारा टिकट की दावेदारी के लिए अपना दावा पेश कर दिया है।

काशीपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के चयन के लिए मंगलवार को पर्यवेक्षकों ने रायशुमारी की। टिकट के लिए कुल 11 नेताओं ने दावेदारी की। कुल 101 भाजपा नेताओं ने अपनी पसंद के प्रत्याशी का नाम लिखकर पर्ची पेटी में डाली। यह मत पेटी को सील कर देहरादून भेजा जा रहा है। देहरादून में पेटी खोली जाएगी। इसके बाद काशीपुर विधानसभा से भाजपा का विधायक प्रत्याशी तय होगा।

इस सीट के सिटिंग विधायक हरभजन सिंह चीमा ने खुद दावेदारी नहीं की है। उन्होंने अपने बेटे त्रिलोक सिंह चीमा के लिए टिकट मांगा है। भाजपा से टिकट पाने के लिए तमाम नेता टिकट की मांग कर रहे हैं। अब तक सबसे मजबूत दावेदारों में वर्तमान विधायक हरभजन सिंह चीमा को माना जा रहा था लेकिन बीते दिनों चीमा ने चुनाव न लड़ने की बात कहते हुए अपने बेटे त्रिलोक चीमा के लिए टिकट की मांग की थी।

साथ ही मेयर ऊषा चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह चंडोक, सहकारिता यूनियन के चेयरमैन राम मेहरोत्रा, पूर्व सांसद बलराज पासी, सीमा चौहान, आशीष गुप्ता, गुरु बख्श बग्ना सहित 11 नेता भाजपा से टिकट पाने के दावेदारों में हैं।

प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर प्रत्याशी चयन के लिए रायशुमारी करने मंगलवार को कैलाश शर्मा और कल्पना सैनी पर्यवेक्षक के रूप में काशीपुर पहुंचे। यहां एक स्कूल में उन्होंने पर्ची के माध्यम से नेताओं का मत जाना। कुल 11 नेताओं ने खुद को टिकट देने की मांग की।

इस दौरान 101 से ज्यादा नेताओं ने अपनी पसंद के प्रत्याशी का नाम पर्ची के माध्यम से बताया। सभी पर्चियों को लिखकर बॉक्स में डाला गया और बॉक्स को सील कर दिया गया है। अब यह बॉक्स पार्टी हाईकमान के सामने खोला जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी का नाम तय होगा। माना जा रहा है कि 20 जनवरी से पहले भाजपा काशीपुर विधानसभा से अपना प्रत्याशी तय कर देगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मोहन बिष्ट ने बताया कि कुल 101 भाजपा नेताओं ने अपना मत दिया है। डॉक्टर गिरीश तिवारी और राजेंद्र सैनी सहित 11 नेताओं ने पार्टी टिकट के लिए दावेदारी की है।

इस सीट पर अधिक दावेदारों की वजह से भाजपा नेताओं को यह डर भी सता रहा है कि भीतरघात की वजह से इस पर उन्हें कोई नुकसान न उठाना पड़े।