उत्तराखंड : पूर्णागिरि धाम को ट्रस्ट बनाये जाने का पुजारियों ने सीएम की पत्नी को दर्ज कराया विरोध।

मीडिया ग्रुप, 04 नवंबर, 2021

खटीमा। मां पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी की अगुवाई में पुजारियों के  शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी से खटीमा में मुलाकात की।

पुजारियों ने पूर्णागिरी धाम को ट्रस्ट बनाए जाने का विरोध करते हुए ट्रस्ट बनाए जाने की कार्रवाई स्थगित करवाने की मांग की।

पुजारियों का कहना था कि पूर्णागिरि धाम को ट्रस्ट बनाए जाने की कार्रवाई शासन स्तर पर की जा रही है। जिससे पुजारियों के साथ क्षेत्र के लोग खुश नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि इस समय लगभग 1200 से अधिक परिवार धाम में पूजा-अर्चना का कार्य कर रहे हैं। पुजारियों की 250 से भी अधिक धर्मशालाएं चल रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी के भी जुड़ी हुई है। हर वर्ष सरकारी मेले का संचालन जिला पंचायत, मेला प्रशासन व पुजारियों द्वारा ही किया जाता है। जिससे तीर्थ यात्रियों को कोई असुविधा व शिकायत नहीं है।