रुद्रपुर में वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

रिपोर्ट : मनीष ग्रोवर

रुद्रपुर। साइबर जागरूकता माह के तहत उधम सिंह नगर पुलिस की साइबर सेल ने गुरुवार को नगर निगम सभागार, रुद्रपुर में वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों और उनसे बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के दौरान हुआ।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों और जनसामान्य को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फिशिंग, फेक मैसेज व लिंक, केवाईसी अपडेट फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, एपीके फाइल डाउनलोड फ्रॉड और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कोई भी पुलिस या जांच एजेंसी व्हाट्सऐप या वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही जांच के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहती है। लोगों से ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम सीवीवी, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी अनजान लोगों से साझा न करने की अपील की गई।

पुलिस ने अनजान स्रोत से प्राप्त एपीके फाइल या संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करने और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया खातों में मजबूत पासवर्ड रखने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय करने को कहा गया।

पुलिस ने साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने अथवा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।