रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिवंगत विक्रांत बागी की याद में युवाओं ने बाइक रैली निकाली। रैली के दौरान कुछ युवाओं के हाथों में तलवारें और गंडासे सहित अन्य धारदार हथियार नजर आने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई युवाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं रैली में शामिल अन्य युवाओं की भी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को युवाओं ने विक्रांत बागी की याद में बाइक रैली निकाली थी। रैली में सबसे आगे एक वाहन पर डीजे लगा हुआ था और उस पर कुछ युवक सवार थे। वाहन पर विक्रांत बागी की तस्वीर भी लगाई गई थी। बाइक रैली के दौरान कुछ युवाओं के हाथों में तलवारें और गंडासे दिखाई दिए। इसकी सूचना पुलिस को मिलने पर पुलिस ने श्याम टॉकीज रोड पर रैली में शामिल कई युवाओं को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि रैली में विक्रांत बागी की माता भी बाइक पर सवार थीं। पुलिस अब रैली में शामिल अन्य युवाओं की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि 25 जून को लालपुर क्षेत्र में विक्रांत बागी की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। स्वतंत्रता दिवस पर विक्रांत बागी के साथियों द्वारा निकाली गई बाइक रैली में धारदार हथियार लहराए जाने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई युवाओं को हिरासत में लिया है।
