रुद्रपुर : हरेला पर 400 पौधों का रोपण, कूड़े के पहाड़ से बने पार्क का नाम होगा ‘अटल पार्क’

रुद्रपुर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम ने किच्छा रोड स्थित नव विकसित पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के 400 पौधे लगाए गए। इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि कूड़े के पहाड़ को हटाकर विकसित किए गए इस पार्क का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में ‘अटल पार्क’ रखा जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर कुछ समय पहले तक कूड़े का विशाल ढेर था, उसे नगर निगम ने सुनियोजित अभियान के तहत साफ कर हरित पार्क के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। बढ़ते शहरीकरण और ग्लोबल वार्मिंग के दौर में प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।

महापौर ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति, हरियाली और जीवन के प्रति आस्था का प्रतीक है। यह पर्व पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और लोक परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश देता है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों और जल स्रोतों के संरक्षण को भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और विद्यार्थियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि नगर निगम का पौधारोपण अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में शहर के सभी वार्डों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान के तहत छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे तथा उनके संरक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में पार्षद नूरुद्दीन अहमद, गिरीश पाल, पवन राणा, इंद्रजीत सिंह, मुकेश रस्तोगी, संतोष गुप्ता, चंद्रसेन चंदा, गौरव गिरी, चिराग कालरा, विष्णु, अयूब अंसारी, अशफाक, विक्की अंसारी, संजय आर्य, प्रमोद मित्तल, मनीष मित्तल, सहायक नगर आयुक्त रणदीप सिंह, वरिष्ठ सहायक प्रवीण सक्सेना, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, प्रोजेक्ट हेड राजू नबियाल, सफाई निरीक्षक कुलदीप कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई यूनियन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।