रुद्रपुर। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के विद्युत वितरण खंड-द्वितीय, रुद्रपुर ने 13 जुलाई (सोमवार) को 33/11 केवी उपकेंद्र नवादिया से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की है। यह शटडाउन नई विद्युत लाइनों के निर्माण और पुरानी लाइनों के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए लिया जाएगा।
बिजली कटौती से सम्पूर्ण मुख्य बाजार, आदर्श कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, जैन कॉलोनी, गोल मार्केट, गांधी कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी, गल्ला मंडी सहित 33/11 केवी उपकेंद्र नवादिया से जुड़े सभी फीडरों के अंतर्गत आने वाले अन्य मोहल्ले एवं क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
यूपीसीएल के अनुसार, 132/33 केवी उपकेंद्र भदईपुरा से पोषित 33/11 केवी उपकेंद्र नवादिया पर आरडीएसएस (RDSS) परियोजना के अंतर्गत कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 13 जुलाई (सोमवार) को सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूर्णतः अथवा आंशिक रूप से बाधित रहेगी। यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।

