रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर का विरोध जारी, भाजपा पार्षद पुलिस हिरासत में; कई घरों के बिजली कनेक्शन काटे गए

रुद्रपुर। शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को रविन्द्र नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम का स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं ने विरोध किया। टीम के कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत पर पुलिस ने स्थानीय भाजपा पार्षद विष्णु को हिरासत में लिया। हालांकि पूछताछ और चेतावनी के बाद उन्हें कुछ देर में ही छोड़ दिया गया।

विद्युत विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में मोहल्ले में अभियान चलाते हुए 100 से अधिक भवनों में स्मार्ट मीटर लगाए। वहीं जिन उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवाने से इनकार किया, उनके पुराने मीटर हटाकर बिजली कनेक्शन विच्छेद कर दिए गए।

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने विभागीय लाइनमैन पर भी गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना था कि पोल संबंधी छोटे-छोटे बिजली कार्यों के लिए लाइनमैन अवैध वसूली करता है और बिना पैसे लिए काम करने से मना कर देता है, जबकि ऐसे कार्य विभागीय दायित्व में आते हैं और इनके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।

शिकायत पर मौजूद अधिकारियों ने लाइनमैन के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। स्मार्ट मीटर को लेकर शहर के कई इलाकों में विरोध लगातार जारी है।