रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रमिकों की रैली के दौरान एक तेज रफ्तार थार ने महिला श्रमिक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि वी-गार्ड कंपनी के महिला और पुरुष श्रमिक वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर हड़ताल पर थे और सिडकुल से श्रम कार्यालय तक रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान बिग बाजार के सामने तेज रफ्तार थार ने एक महिला श्रमिक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार का टायर महिला के पैर पर चढ़ गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद थार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि, गुस्साए श्रमिकों और साथियों ने बाइकों से पीछा कर थार और ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दोनों चालकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद श्रमिकों में आक्रोश है और मौके पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी रही। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
