जनता की आवाज़, महापौर की प्राथमिकता: विकास शर्मा के जनता दरबार में उमड़ी भीड़, कई समस्याएं मौके पर ही सुलझीं

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के निजी आवास पर शनिवार को आयोजित जनता दरबार में नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के अलग-अलग वार्डों और बस्तियों से आए नागरिकों ने सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी मूलभूत समस्याएं सामने रखीं, जिन पर महापौर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न केवल गंभीरता से सुनवाई की बल्कि कई शिकायतों का तुरंत मौके पर ही समाधान भी करवाया।

वार्ड-1 के पार्षद पवन राणा के नेतृत्व में सड़क और जल निकासी की समस्या उठाई गई, जिस पर महापौर ने शीघ्र कार्य योजना बनाने का भरोसा दिलाया। बिंदुखेड़ा निवासी जसवीर सिंह की बिजली कनेक्शन संबंधी शिकायत पर एसडीओ सुभाष शर्मा से बात कर समाधान कराया गया।

इसी तरह जनता इंटर कॉलेज में जलापूर्ति, आयुष्मान कार्ड की समस्या, हाईमास्ट लाइट, आंगनबाड़ी केंद्रों में नल कनेक्शन जैसी कई जन समस्याओं पर महापौर ने त्वरित निर्देश जारी किए।

जनता दरबार के समापन पर महापौर ने कहा –

“जनसमस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर नागरिक की आवाज़ हमारे लिए अहम है और जनभावनाओं का सम्मान ही सुशासन की असली पहचान है। मेरा निजी आवास भी हमेशा जनता के लिए खुला है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत रुद्रपुर नगर निगम भी पारदर्शी, जवाबदेह और जनसेवा को समर्पित शासन की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।