रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा के अंतर्गत ग्राम मलसा में भाजपा ने अपने जनसंपर्क अभियान को धार देते हुए व्यापक समर्थन जुटाने का प्रयास किया। महापौर विकास शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी कोमल चौधरी के समर्थन में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से ‘उगता सूरज’ चुनाव चिन्ह के पक्ष में भारी मतदान की अपील की।
इस दौरान महापौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत चुनावों में भी भाजपा की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है और गांव-गांव में पार्टी की स्वीकार्यता स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।
उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा प्रत्याशी कोमल चौधरी की जीत से क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी। महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोमल चौधरी को एक स्वच्छ, सरल और जनसेवा के प्रति समर्पित उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है, जिन्हें ग्रामीणों का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा है। महापौर ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं गांवों की दिशा और दशा बदल रही हैं और पार्टी की जीत से ग्रामीण अंचलों के विकास को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने जगह-जगह महापौर का स्वागत किया और भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, उपेंद्र चौधरी, शिव चावला, हरीश शर्मा, पंकज माधव शर्मा, सचिन कमरा, हरजीत राठी, धीरेंद्र मिश्रा, गोपाल पटेल, बिट्टू चौहान, विजय तोमर, मोर सिंह यादव, जितेंद्र संधू, नरेश मिश्रा, सुरेश कोली सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
