रुद्रपुर। खेड़ा स्थित सब्जी मंडी का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। नगर निगम इसे वेंडिंग जोन की तर्ज पर विकसित करेगा, जिससे व्यापारियों को बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और ग्राहकों को जाम व जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
सोमवार को महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने नगर निगम की टीम के साथ मंडी का निरीक्षण किया और सुधार कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
गंगापुर रोड पर स्थित खेड़ा मंडी में वर्षों से कच्चे फड़ पर व्यापार हो रहा है। बरसात में जलभराव और सड़क पर लगने वाले जाम से व्यापारी और आमजन परेशान रहते हैं। निरीक्षण के दौरान महापौर ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
महापौर ने बताया कि मंडी को मुख्य सड़क से कुछ पीछे स्थानांतरित किया जाएगा ताकि जाम से राहत मिल सके। वर्तमान में यहां करीब 80 दुकानदार कार्यरत हैं, जिनके लिए टीन शेड के साथ पक्के फड़ बनाए जाएंगे। मंडी में सड़क, नाली और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। सुरक्षा के लिहाज से मंडी को चारदीवारी से घेरकर कवर्ड किया जाएगा।
इसके अलावा नगर निगम ने मेन बाजार स्थित पुरानी सब्जी मंडी को भी संवारने की योजना तैयार की है। दोनों मंडियों में व्यापारियों को मूलभूत सुविधाएं और ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव देने के लिए निगम तत्पर है।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है, जिसके लिए शहरवासियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक विकास कार्यों में भागीदार बनें, जिससे स्मार्ट सिटी का सपना साकार हो सके।