रुद्रपुर। श्री पंचमुखी हनुमान बालाजी मंदिर, गल्ला मंडी में आयोजित 17वें स्थापना दिवस पर पांच निर्धन जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों से सम्पन्न हुआ। समारोह में महापौर विकास शर्मा ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की।
अंबेडकर पार्क से बारात धूमधाम से मंदिर पहुंची, जहां मंदिर समिति द्वारा विवाह समारोह सम्पन्न कराया गया। विवाह कार्यक्रम में शहर के कई समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। महापौर ने मंदिर समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ईश्वर की पूजा के समान है।
इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष गुलशन नारंग, महामंत्री चंदर सचदेवा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भंडारे के साथ हुआ।
