ऊधमसिंह नगर : रुद्रपुर में लॉजिस्टिक इंडस्ट्री में लगी भयंकर आग, करोड़ों का माल जलकर नष्ट।

मीडिया ग्रुप, 07 नवंबर, 2021

रुद्रपुर। गंगापुर रोड स्थित ओम सांई लॉजिस्टिक इंडस्ट्री में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। इससे उसमें रखा करोड़ों का आटो पाटर्स जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकल के चार वाहनों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक पुणे की एक कंपनी का गंगापुर रोड पर ओम सांई लॉजिस्टक इंडस्ट्री नाम से गोदाम है। गोदाम से पाटर्स सिडकुल की आटो कंपनियों को सप्लाई किया जाता है। दीवाली पर्व के चलते तीन नवंबर से गोदाम बंद था।

रविवार को भी गोदाम बंद था। शाम साढ़े छह बजे के आसपास गोदाम से धुंआ उठता देख मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। जब तक लोग पुलिस के 112 कंट्रोल रूम में सूचना देते आग भड़क उठी।

सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार, एफएसओ रामधारी यादव, एसआई मनोज कुमार, एसआई कौशल भाकुनी पुलिस और दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दमकल के चार वाहनों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गोदाम के मैनेजर नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि गोदाम में करीब 35 से 40 करोड़ का आटो पाटर्स थे, जो लकर राख हो गए हैं। बताया कि आंकलन करने के बाद ही आग से हुए नुकसान का पता चलेगा। एफएसओ रामधारी यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉट सर्किट से लगने की संभावना है। जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चलेगा।