निगम कर्मी की मौत के बाद परिवार को आर्थिक सहायता, पत्नी को नौकरी का आश्वासन

रुद्रपुर। नगर निकाय चुनाव में ड्यूटी पूरी कर घर लौटते समय सड़क हादसे में जान गंवाने वाले नगर निगम कर्मी सागर नेगी के परिवार को नगर निगम ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। शनिवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर विकास शर्मा ने पीड़ित परिवार को 1 लाख 56 हजार रुपये की एफडी सौंपी। इसके साथ ही, मृतक की पत्नी को नगर निगम में नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया।

किशनपुर हल्द्वानी निवासी सागर नेगी (पुत्र नारायण सिंह नेगी) उपनल के माध्यम से नगर निगम में कार्यरत थे। 22 जनवरी को चुनाव ड्यूटी पूरी कर घर लौटते समय हुए सड़क हादसे में उनकी दुखद मृत्यु हो गई। सागर अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और डेढ़ साल की मासूम बेटी को छोड़ गए। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और आर्थिक स्थिति भी बेहद दयनीय हो गई।

शनिवार को महापौर विकास शर्मा और मुख्य नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने सागर नेगी की पत्नी और बेटी को नगर निगम कार्यालय बुलाया। इस दौरान सागर की बेटी के नाम 1 लाख 56 हजार रुपये की एफडी सौंपी गई। महापौर शर्मा ने आश्वस्त किया कि मृतक की पत्नी को नगर निगम में नौकरी दिलाने के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के ठेकेदारों से भी आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा, सरकारी स्तर पर भी पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।

मुख्य नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने बताया कि उपनल की ओर से भी परिवार को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार सागर नेगी के परिवार के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता दी जाएगी। इस दौरान नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे और दिवंगत सागर नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित की।