रुद्रपुर। भाजपा मेयर प्रत्याशी विकास शर्मा ने वार्ड 28 ट्रांजिट कैंप और मुख्य बाजार में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं के जरिए 23 जनवरी को भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए वे केंद्र से 2,500 करोड़ रुपये का पैकेज लाकर सीवर लाइन, सड़कों का चौड़ीकरण और पार्किंग जैसी परियोजनाओं पर काम करेंगे।
विकास शर्मा ने वादा किया कि गौ माता के संरक्षण, धार्मिक स्थलों के विकास और नशा मुक्ति अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और शहर को जाम मुक्त करने के लिए नगर निगम विशेष योजनाएं लागू करेगा।
उन्होंने भाजपा की “सबका साथ, सबका विकास” नीति पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति और विकास कार्यों में देश को पीछे धकेलने का आरोप लगाया। शर्मा ने जनता से “ट्रिपल इंजन सरकार” लाने का आह्वान किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
