कार की टक्कर से मामा भांजे की मौत, दो गंभीर

किच्छा। पुलभट्टा थाना के ग्राम बरा में अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। एक बाइक में सवार मामा भांजे की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें हायर सैंटर रैफर किया गया। कार चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार पीलीभीत निवासी साजिद खान की किच्छा में वेल्डिंग की दुकान है जहां वह अपने पिता के साथ काम करता था। बताया जाता है कि साजिद अपने भांजे के साथ बाईक सवार होकर वापस देवरनिया लौट रहा था। अभी वह ग्राम बरा में चौकी के पास पहुंचा था कि पीछे की ओर से तेज गति से अनियंत्रित होकर आती कार के चालक ने बाईक को टक्कर मार दी। जिससे बाईक सवार साजिद व शराफत गंभीर रूप से घायल हो गये।

दोनों को उपचार के लिए किच्छा चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने साजिद को मृत घोषित कर दिया जबकि शराफत की हालत गंभीर देखते हुए उसे रैफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए पहले भोजीपुरा और फिर बरेली ले गये जहां रात्रि में शराफत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस बीच मौके पर पहुंचा मृतक साजिद का साथी रुबेज गश खाकर गिर गया। उसे भी स्वास्थ्य केन्द्र भर्ती कराया गया।

इसी घटना के तुरंत बाद कार ने दूसरी बाइक पर जा रहे जयेन्द्र निवासी बहेड़ी और राजपाल निवासी ग्राम बहेड़ी को भी टक्कर मार दी। वह दोनों मेहनत मजदूरी कर घर वापस जा रहे थे। दोनों को गंभीर हालत में किच्छा स्वास्थ्य केन्द्र भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रैफर कर दिया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर मृतक साजिद के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जबकि शराफत का शव बरेली से परिजन अपने घर ले गये।

लोगों का कहना है कि कार चालक घटना के समय नशे की हालत में था। जो लालपुर निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया है। मृतक साजिद के चार भाई व चार बहनें हैं जबकि मृतक शराफत तीन भाईयों में सबसे छोटा था। उसकी दो बहनें हैं। शराफत के पिता खेती का काम करते हैं। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।