ऊधमसिंह नगर : किच्छा में नदी में बहा युवक, तमाम प्रयासों के बाद भी नहीं चला पता।

मीडिया ग्रुप, 20 अक्टूबर, 2021

किच्छा। हसली नदी पार करते समय एक युवक बह गया। देर रात उसका कुछ पता न चलने पर बुधवार सुबह पहुंची एनडीआरएफ की टीम उसका पता लगाने में जुट गई है।

32 वर्षीय कुंदन राम पुत्र रमेश राम निवासी भनौली अल्मोड़ा हाल निवासी बंडिया वार्ड नंबर पांच किच्छा में रह कर सिरोली कला स्थित एक कैंटीन में काम करता था। हसली नदी पार ही उसका कमरा था, जहां वह अपने परिवार के साथ रहता था। बारिश से हसली नदी पर बना पुल बह गया है। मंगलवार रात वह लगभग 10 बजे ड्यूटी कर लौट रहा था। पुल बहने के कारण लोगों ने उसे जाने से मना कर दिया था, लेकिन वह माना नहीं और नदी पार करते समय बह गया।

सूचना पर एसडीएम कौस्तुब मिश्रा, सीओ ओमप्रकाश शर्मा, तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी, एसएसआई राजेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान चलाया पर उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार दोपहर एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गयी। टीम ने नदी में वोट के माध्यम से कुंदन राम की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला सका था।