रुद्रपुर : पेट से निकाला 16 किलो का ट्यूमर, महिला का वजन 34 किलो से 18 रह गया

रुद्रपुर। एक महिला पिछले कई साल से ट्यूमर से पीड़ित थीं। कई अस्पतालों में इलाज के बाद भी फायदा न होने पर मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचीं। यहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. केदार सिंह शाही ने टीम के साथ सफल ऑपरेशन कर महिला के पेट से 16 किलो का ट्यूमर निकाला। ट्यूमर निकलने से महिला का वजन 34 किलो से 18 रह गया। ऑपरेशन के बाद महिला स्वस्थ है।

जानकारी के अनुसार किच्छा क्षेत्र की रहने वाली महिला पेट में दर्द की शिकायत लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज आई थीं। महिला के पेट में सूजन के साथ दर्द हो रहा था और सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। उनकी छाती की पसलियां भी बाहर निकलने लगी थीं। उनकी जांच कराई तो ओवेरियन (अंडाशय) ट्यूमर की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका ऑपरेशन करने का फैसला किया गया। ऑपरेशन से पहले महिला का वजन 34 किलो था, जो शुक्रवार को 16 किलो का ट्यूमर निकालने के बाद 18 किलो रह गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में सुधार है। हालांकि पूरी तरह से स्वस्थ नहीं होने की वजह से उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।

दर्द से बेचैन बुजुर्ग महिला का ऑपरेशन काफी जटिल था। लगभग डेढ़ घंटे तक वरिष्ठ सर्जन डॉ. शाही ने अपनी टीम के सदस्य सर्जन डॉ. विवेक राजदेव, डॉ. गगन मिश्रा, एनेस्थेटिस्ट डॉ. यदुराज भट्ट, डॉ. नागेंद्र चौधरी, नर्सिंग अधिकारी चंदन कैरोला, रविंद्र शर्मा आदि के साथ मिलकर ऑपरेशन किया। उन्होंने बताया कि महिला काफी हाईरिस्क मरीज थीं और आसपास के चिकित्सकों ने ऑपरेशन से इन्कार कर दिया था।