गुरमीत राम रहीम को मिली तीसरी बार उम्रकैद की सजा।

मीडिया ग्रुप, 18 अक्टूबर, 2021

पंचकुला की विशेष सीबीआई अदालत ने डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम और 4 अन्य आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही राम रहीम पर 31 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया। वहीं अदालत ने अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का अर्थदंड किया है। इससे पहले गुरमीत राम रहीम को साध्वियों से यौन शोषण के मामले में 20 साल की सजा हो चुकी है, जबकि पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्रकैद की सजा अदालत सुना चुकी है।

एक समय राम रहीम अपने अलग ही अंदाज के कारण पहचाना जाता था। देश-विदेश उसकी शोहरत थी। अपने अनुयायियों के बीच डेरा प्रमुख की पहचान एक संत, फकीर, धर्मगुरु, कलाकार, स्टंटमैन, गीतकार, संगीतकार, गायक, रॉक स्टार, प्रवचनकार के रूप में थी, लेकिन इस समय बाबा जेल में जीवन बिता रहा है।

किसी समय पंजाब और हरियाणा की राजनीति में डेरा को एक बड़ी ताकत माना जाता था। यही वजह थी कि ग्राम पंचायत से लेकर लोकसभा के चुनाव तक सभी दलों के नेता बाबा से समर्थन मांगने डेरा आते थे।

2002 में बाबा पर अपने आश्रम की साध्वियों के साथ बलात्कार करने के आरोप लगे। सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और डेरा के पूर्व मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या में भी बाबा राम रहीम का हाथ होने का आरोप लगा था। इन तीनों ही मामलों में डेरा प्रमुख को सजा सुनाई जा चुकी है।