ऊधमसिंह नगर : भाजपा संस्कारों में विश्वास करने वाली पार्टी- सुरेश भट्ट।

मीडिया ग्रुप, 18 अक्टूबर, 2021

रुद्रपुर। विद्या मंदिर, आदर्श कॉलोनी में आयोजित भाजपा के बुद्धिजीवी सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि भाजपा संस्कारों में विश्वास करने वाली पार्टी है। भाजपा ने हमेशा हर वर्ग को सम्मान दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी एक राष्ट्रवादी नेता थे, जिन्होंने अपने अंतिम समय में भाजपा को आत्मसात किया। उनकी सोच विकास की सोच थी, इसीलिए आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके नाम पर औद्योगिक क्षेत्र को रखने की घोषणा की है।

बुद्धिजीवी सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य वक्ता एवं प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया, इसके साथ ही सम्मेलन में शामिल हुए अतिथियों का स्वागत किया गया। सुरेश भट्ट ने कहा कि प्रदेश में भाजपा विकास के पथ पर चलकर पुष्पित और पल्लवित हो रही है। भाजपा की सोच विकासवादी सोच है, यदि प्रदेश में लगातार भाजपा की सरकार रहती तो तस्वीर ही कुछ और होती।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बताए रास्ते पर प्रदेश की भाजपा प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले चुनाव में भाजपा फिर अपनी सरकार बनाएगी। भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार में लागू की गई तमाम योजनाओं का जनता लाभ ले रही है और आगे भी सरकार की कोशिश होगी कि अंतिम पंक्ति तक के व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचे।

उन्होंने कहा की विपक्षी दलों को आम जनता से कोई लेना देना नहीं है, इसीलिए वह सरकार पर निशाना साध लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। केंद्र सरकार की तमाम योजनाएं आज इतिहास बन गई हैं। 70 साल में जो कांग्रेस न कर सके वह मोदी सरकार ने पिछले कुछ समय में ही कर दिखाया है। इस मौके पर मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष शिव अरोरा, क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल, मेयर रामपाल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तम दत्ता, कार्यक्रम के संयोजक विजय मंडल सह संयोजक राजेंद्र श्रीधर एवं जिला मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवाकर पांडे, सुप्रसिद्ध डॉक्टर प्रदीप अदलखा डॉक्टर प्रतीक बठला डॉक्टर महाजन चार्टर्ड अकाउंटेंट विजेंद्र महेश्वरी, कपिल अरोरा, राकेश बत्रा, ठाकुर जगजीत सिंह राजकुमार खनिजो, गजेंद्र प्रजापति, राकेश सिंह, तरुण दत्ता, सुनील यादव, मयंक कक्कड़, राजीव चौधरी, चंद्रसेन कोली, मुकेश पाल पूनम शर्मा आदि मौजूद थे।