Video: स्कूटी पर रील बना रही थीं ”पापा की परियां”, वीडियो शेयर कर पुलिस बोली- दीदी हेलमेट भी जरूरी है और…

Viral Video: लोगों को पुलिस यातायात नियमों का पालन करने के लिए समय-समय तरह-तरह से जागरूक करती है। राज्यों की पुलिस लोगों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया का भी खूब इस्तेमाल कर रही हैं। अब इस बीच दिल्ली पुलिस का एक्स पर किया एक पोस्ट वायरल हो गया है।
दरअसल, दिल्ली पुलिस के इस वीडियो में तीन लड़कियां स्कूटी से जाती दिख रही हैं। वह स्कूटी चलात समय वीडियो बना रही हैं और कुछ-कुछ बोल रही हैं। दिल्ली पुलिस के सोशल मीडिया हैंडलर ने इस वीडियो को मीम में बदल दिया है और इसके साथ ही लोगों को दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और ट्रिपल राइडिंग नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया है।
दिल्ली पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल @DelhiPolice से इस वीडियो को शेयर किया गया है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 60 से अधिक लोग देख चुके हैं और एक हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है। इस इस वीडियो को देखने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन लड़कियां बिना हेलमेट स्कूटी पर जा रही हैं। इस दौरान वीडियो बनाते समय वह कैमरे को देखकर कुछ-कुछ बोलती हैं। पहली लड़की कह रही है-जीवन में मस्ती करना बहुत जरूरी है। दूसरी बोलती है, घूमना भी जरूरी है। तीसरी कह रही, लेकिन पढ़ना भी जरूरी है। इसके बाद दोनों पढ़ाई की बात करनी वाली लड़की को नीचे उतार देती हैं और कहती हैं कि अच्छा पढ़ते रहो… बाय। इसके बाद दिल्ली पुलिस का संदेश देती है- दीदी हेलमेट भी जरूरी है और ट्रिपल राइडिंग बिलकुल भी जरूरी नहीं है।


एक शख्स ने इस पोस्ट पर लिखा है, दिल्ली पुलिस का ट्विटर हैंडल कोई मीमर चलाता है क्या? दूसरे शख्स ने लिखा है, पुलिस को देखते ही एक को उतार दिया।