उत्तर प्रदेश : राज्यमंत्री ने फूल बरसाकर किया नगर कीर्तन का स्वागत

रामपुर। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशपर्व के मौके पर श्रद्धालुओं ने घने कोहरे के बीच करीब पांच किलोमीटर लंबा भव्य नगर कीर्तन निकाला। नगर कीर्तन का राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत तमाम श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया। नगर कीर्तन ने उत्तराखंड में भी भ्रमण किया।

शुक्रवार सुबह करीब छह बजे नगर कीर्तन उत्तराखंड सीमा स्थित कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नवाबगंज के गुरुद्वारा श्री हरगोविंद सर से दिल्ली कार सेवा वाले बाबा अनूप सिंह उर्फ वीर जी के नेतृत्व में शुरू हुआ। बाबा अनूप सिंह उर्फ वीर जी ने अरदास के बाद धार्मिक ध्वज दिखाकर नगर कीर्तन की शुरुआत की। नगर कीर्तन में सबसे आगे श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रतीकात्मक घोड़े को लेकर एक श्रद्धालु चल रहा था। उनके पीछे बाइक व अन्य वाहनों पर सवार श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

टैंक से सड़क की धुलाई व झाड़ू लगाते हुए श्रद्धालु चल रहे थे। उनके पीछे पंज प्यारे व पांच निशानची चल रहे थे। उनके पीछे श्री गुरु महाराज की सुसज्जित पालकी थी। जहां श्रद्धालु आस्था के साथ माथा टेककर श्री गुरु गोविंद महाराज का आशीर्वाद ले रहे थे और प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। उनके पीछे भारी संख्या में महिलाएं व पुरुष शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे।

दिल्ली कार सेवा वाले बाबा अनूप सिंह उर्फ वीर जी भी संगत के बीच शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। उनके पीछे भारी संख्या में ट्रैक्टर ट्राली, जीप, कार व अन्य वाहनों पर सवार संगत शबद कीर्तन करती हुई चल रही थी। रुद्रपुर का रंजीत अखाड़ा जगह-जगह आकर्षक करतब दिखाते हुए लोगों को आकर्षित कर रहा था। श्री हेमकुंड साहिब की झांकी भी आकर्षण का केंद्र थी। बैंडबाजों की धुन पर भी गुरबाणी का कीर्तन चल रहा था।

नगर कीर्तन में सेवा करते लोग

नगर कीर्तन नवाबगंज से चकफेरी मोड़ होता हुआ नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंचा। यहां राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, ब्लाॅक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, पूर्व उप ब्लाॅक प्रमुख धर्मवीर मित्तल, पालिकाध्यक्ष चित्रक मित्तल, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल मदान, जिला पंचायत सदस्य अमरजीत सिंह ढिल्लो, पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हसन खान, पूर्व विधायक संजय कपूर, रालोद किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष बलजीत सिंह बिट्टू, गजाली खान, लखविंदर सिंह, दलबारा, अमृतपाल सिंह हैैप्पी गिल, गुरजीत सिंह गिल, करनप्रीत सिंह गिल, नत्था सिंह, अर्जुन सिंह गिल आदि ने नगर कीर्तन पर फूल बरसाए।