उत्तराखंड में रासुका लागू करना भाजपा की दमनकारी नीति, मुख्यमंत्री काम कम, बातें ज्यादा करते है- कांग्रेस।

मीडिया ग्रुप, 08 अक्टूबर, 2021

देहरादून। प्रदेश में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लागू करने पर कांग्रेस ने तीखा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रासुका लागू करना लोकतंत्र की हत्या है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और किसानों की समस्याओं से डर कर भाग रही है। जनता की आवाज दबाने के लिए रासुका का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर काम कम करने और बातें ज्यादा करने का आरोप भी लगाया।

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार इस कानून के जरिये हक की आवाज उठाने वालों का दमन करना चाहती है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग त्रस्त होकर सड़क पर संघर्ष करने को मजबूर है। सरकार उनकी समस्याओं के निराकरण में अक्षम साबित हो रही है। रासुका के तहत कार्रवाई कर सरकार दमन करने में लिप्त है। ऐसी सरकार को बदलने की जरूरत है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर रासुका के फैसले पर गंभीर चिंता जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि महात्मा गांधी के जन्मदिवस के एक दिन बाद सरकार का रासुका लगाने का फैसला उनका अपमान है। उन्होंने कहा कि असहमति के सुरों को सुनने की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि उसे सम्मान देने के उत्सव का नाम ही लोकतंत्र है।