रुद्रपुर : फैक्ट्री से लौटते श्रमिक पर हमला, हालत गंभीर।

मीडिया ग्रुप, 13 जुलाई, 2023

रूद्रपुर। गत सायं सिडकुल स्थित फैक्ट्री से कार्य समाप्त कर साईकिल से घर वापस लौट रहे श्रमिक पर मार्ग में कुछ लोगों ने घेरकर लाठी डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इस दौरान एक हमलावर को श्रमिक ने दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गये हमलावर को अपनी हिरासत में लेकर मामले की विस्तार से जानकारी ली और घायल श्रमिक को उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम मड़यानकली पीपलयान मंडिया रामपुर निवासी घनश्याम पुत्र पान सिंह यहां ठाकुर नगर ट्रांजिट कैम्प में परिवार सहित रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता है।

उसने बताया कि गत सायं वह ड्यूटी समाप्त कर साईकिल से घर वापस आ रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर खड़े कुछ लोगों ने उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस दौरान उसने एक हमलावर को दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी आ गई और उसने पकड़े गये हमलावर को पुलिस के हवाले कर दिया। घायल घनश्याम को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है।