उधमसिंह नगर : रूद्रपुर में अतिक्रमण के नाम पर उजाड़े गए व्यापारियों को बड़ी राहत के संकेत, सीएम ने कहा इन व्यापारियों के लिए बनाया जायेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स।

मीडिया ग्रुप, 07 अप्रैल, 2023

रूद्रपुर। शीघ्र ही रूद्रपुर में भी चकराता की तरह उजाड़े गए व्यापारियों के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जायेगा ताकि वह रोजगार कर अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते दिनों जी 20 विजिट की तैयारियों के दौरान प्रशासन, एनएच व पुलिस विभाग द्वारा मुख्य मार्ग के दोनों ओर से उजाड़े गए सैकड़ों व्यापारियों के एक शिष्ट मंडल से खटीमा में गत सायं ज्ञापन लेने के बाद उन्हें भरोसा दिलाते हुए कही।

व्यापार मंडल के प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश बंसल व महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री श्री धामी को बताया कि गत 17 मार्च को प्रशासन ने राममनोहर लोहिया व नेहरू मार्केट के सैकड़ों व्यापारियों को उजाड़ दिया गया।

पिछले 50 वर्षों से रोजगार कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। अब सभी के समझ रोजी रोटी का संकट बना हुआ है। परिवार पालने में आर्थिक परेशानियां सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा देते हुए कहा कि व्यापारी ऐसा स्थान चिन्हित कर बताएं जहां बड़ा शोपिंग कांप्लेक्स निर्मित हो सकता है। वह विकास प्राधिकरण के द्वारा डीपीआर बनवाकर आगे की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर में व्यापारियों के विस्थापन के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जायेगा।