पंजाब की कांग्रेस सरकार में घमासान मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दिया इस्तीफा।

मीडिया ग्रुप, 18 सितंबर, 2021

पंजाब की कांग्रेस सरकार में सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के 40 विधायकों के मोर्चा खोलने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। अमरिंदर सिंह ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को अपना इस्ताफा सौंप दिया है इसके साथ ही उनके मंत्रिमंडल ने भी इस्तीफा सौंप दिया है।

वह 20 विधायकों और अधिकतर पंजाब के सांसदों के साथ राजभवन पहुंचे हैं। इसके बाद राजभवन के बाहर से मीडिया को संबोधित करते हुए कैप्टन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में तीसरी बार यह हुआ है। इससे वह अपमानित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुबह ही इस्तीफा देने का फैसला कर लिया था और इसकी जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी दे दी थी। इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बात करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, जिस पर आलाकमान को भरोसा है, उसे पंजाब का अगला मुख्यमंत्री बनाए। मुझे ऐसा लगा कि उन्हें मुझ पर भरोसा नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह अभी कांग्रेस में ही हैं और भविष्य में समय आने पर फैसला लेंगे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस के विधायक दलों की बैठक होगी और माना जा रहा है कि उसमें नए विधायक दल के नेता का चुनाव किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि पंजाब के कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश रावत चंढीगढ़ पहुंच गये हैं।

आपसी खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाने को तैयार हो गया था। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफा देने को कहा।