अजब-गजब: उत्तर प्रदेश में सामने आया हैरान करने वाला मामला, बकरी पालने पर सिपाही को नोटिस।

मीडिया ग्रुप, 09 दिसंबर, 2021

आगरा पुलिस लाइन स्थित आवास में रहने वाले एक सिपाही ने बकरियों का पालन शुरू कर दिया। इससे पड़ोसी परेशान हो गए। उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद सिपाही को नोटिस दिया गया। बुधवार को सिपाही एसएसपी के पास पहुंचा।

सिपाही ने कहा कि उसे और बेटे को डेंगू हो गया था। किसी ने कहा था कि बकरी का दूध पीने से फायदा होगा। प्लेटलेट्स भी बढ़ जाएंगी। इसलिए बकरियों का पालन शुरू कर दिया। अब वो ठीक हैं। एसएसपी ने कहा कि सरकारी आवास में बकरी पालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर, वो छुट्टी चाहें तो ले सकते हैं। गंदगी होने से अन्य लोगों को परेशानी हो रही है।

आगरा सहित आस-पास के मंडल में डेंगू और वायरल बुखार होने के बाद बकरी के दूध की बिक्री जमकर हुई थी। लोगों ने एक हजार रुपये लीटर की दर से बरी का दूध खरीदा था। शहर से कई-कई किलोमीटर दूर तक लोग बकरी का दूध खरीदने गए थे।

चिकित्सकों की सलाह नारियल पानी और कीवी के साथ दलिया आदि की थी। लेकिन लोगों ने बकरी के दूध का जमकर सेवन किया। यही कारण था कि दूध की कीमतें आसमान छूने लगी थीं।