शर्मनाक : रुद्रपुर में आठ वर्ष की बच्ची के साथ रेप की घटना, आरोपी गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 22 नवंबर, 2021

रूद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में आठ साल की बच्ची का अपहरण और रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक रम्पुरा क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती शाम उसकी आठ साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी तभी एक युवक बच्ची को जबरन घर से अगवा कर ले गया।

आरोप है कि युवक ने बच्ची के साथ मारपीट की और उसे डरा धमकाकर उसके साथ रेप किया। आरोपी ने किसी को बताने पर लड़की को जान से मारने धमकी भी दी। डरी सहमी बच्ची जब बदहवास हालत में घर पहुंची तो परिजनों को संदेह हुआ। बच्ची ने पूरी घटना के बारे में परिजनों को बताया।

महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ घंटे बाद ही आरोपी बंटी ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई मनोज जोशी, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार, प्रकाश सिंह आदि शामिल थे।