रुद्रपुर के प्रमुख पार्कों को मिलेगा नया रूप, गांधी पार्क व उत्तरायणी पार्क के लिए करोड़ों की योजनाएं मंजूर

रुद्रपुर। नगर के प्रमुख पार्कों को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हो गई है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि गांधी पार्क के विकास एवं सुंदरीकरण के लिए जिला विकास प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर जारी हो चुका है और प्रक्रिया पूरी होते ही पार्क में विकास कार्य आरंभ कर दिए जाएंगे।

मेयर ने जानकारी दी कि गांधी पार्क के सुंदरीकरण के लिए 490.51 लाख रुपये की लागत का टेंडर जारी किया गया है। इस परियोजना को 12 माह की अवधि में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत पार्क में आधुनिक सुविधाएं, हरियाली, आकर्षक संरचनाएं और नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण विकसित किया जाएगा।

इसके साथ ही शहर के एक अन्य महत्वपूर्ण पार्क उत्तरायणी पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी 285 लाख रुपये की लागत से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्य को 9 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उत्तरायणी पार्क में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त संरचनाओं का विकास किया जाएगा।

मेयर विकास शर्मा ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं के अनुरूप शुरू की जा रही हैं। पार्कों के विकसित होने से रुद्रपुर को एक नया पर्यावरणीय एवं सौंदर्यपूर्ण स्वरूप मिलेगा और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।