दिनेशपुर थाना क्षेत्र में युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला, गंभीर रूपसे घायल, नगरपालिका अध्यक्ष के पुत्र सहित कई नामजद।

मीडिया ग्रुप, 11 जनवरी, 2026

जनपद के थाना दिनेशपुर क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। थाना दिनेशपुर में दी तहरीर में वादी सरबजीत सिंह, निवासी ग्राम आनंदखेड़ा नं.-2, थाना दिनेशपुर ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र अर्शदीप सिंह दिनांक 06 जनवरी 2026 को गदरपुर में आयोजित नगर कीर्तन में शामिल हुआ था। इसी दौरान बोलेरो कैम्पर वाहन द्वारा उसकी गाड़ी में टक्कर मारे जाने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों ने अर्शदीप सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी।

पीड़ित के अनुसार, दिनांक 10 जनवरी 2026 की सायं लगभग 8 बजे, अर्शदीप सिंह अपने भाई आकाशदीप सिंह के साथ अपनी थार वाहन से करतार हवेली, धौलपुर में खाना खाने पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही वे वहां पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंक दिया। जब अर्शदीप सिंह वाहन से नीचे उतरा, तो बोलेरो कैम्पर चालक ने उसे जान से मारने की नीयत से वाहन से कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद लाठी-डंडों, कृपाण, गंडासा और बंदूक से लैस आरोपियों ने अर्शदीप सिंह पर एक साथ हमला कर दिया। आरोप है कि गंडासे से सिर पर किए गए वार से उसे गंभीर चोट आई, जबकि उसके बाएं हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उसकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

गंभीर हालत, कई अस्पतालों में इलाज
घायल अर्शदीप सिंह को तत्काल पुलिस चौकी महतोष ले जाया गया, जहां से उसे सरकारी अस्पताल गदरपुर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अर्शदीप सिंह के सिर में गंभीर चोटें हैं और बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

तहरीर के आधार पर थाना दिनेशपुर में एफआईआर संख्या-10/2026 दिनांक 11 जनवरी 2026 को दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराएँ 115(2), 190, 191(2), 191(3) एवं 324(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, यह हमला पूर्व नियोजित और संगठित था। मामले में नगर पालिका परिषद गदरपुर के अध्यक्ष के पुत्र सहित 6 नामजद और 7-8 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है, जिससे मामला राजनीतिक और सामाजिक रूप से भी संवेदनशील हो गया है। थाना दिनेशपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।